Summary

ज्योलीकोट में जल जनित रोगों के मामलों पर सीडीओ ने निरीक्षण किया। डोर-टू-डोर सैंपलिंग, जल स्रोतों की जांच और दूषित स्रोत सील करने के निर्देश दिए।

Article Body

ज्योलीकोट में जल जनित रोगों पर सख्ती, दूषित जल स्रोत होंगे सील
ज्योलीकोट में जल जनित रोगों पर सख्ती, दूषित जल स्रोत होंगे सील

 

ज्योलीकोट में जल जनित रोगों पर प्रशासन सख्त, सीडीओ ने लिया जायजा, दूषित जल स्रोत सील करने के निर्देश

स्थान:- उत्तराखंड / नैनीताल

नैनीताल: ज्योलीकोट क्षेत्र में जल जनित रोगों के मामलों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलीकोट समेत गाजा, सरियाताल, छीड़ा और आसपास के गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बीमार ग्रामीणों का हाल जाना और चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

पीएचसी और प्रभावित गांवों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने क्षेत्र के पेयजल स्रोतों का जायजा लेने के साथ बीरभट्टी स्थित सीवरेज लाइन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सीवरेज चैंबर से हो रहे लीकेज, मरम्मत और शिफ्टिंग कार्य की स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को संबंधित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

डोर-टू-डोर ब्लड और वायरस सैंपलिंग के निर्देश

सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग को क्षेत्र में डोर-टू-डोर ब्लड और वायरस सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचे और लोगों को जल जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करे। क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के साथ बीमार लोगों का समुचित उपचार किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय से हायर सेंटर रेफर किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि मेडिकल टीम एंबुलेंस के साथ लगातार क्षेत्र में मौजूद रहे और बीमार लोगों के घर जाकर उनकी नियमित निगरानी करे। साथ ही आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने और वायरस की जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

आयुष्मान योजना के तहत मिलेगा त्वरित उपचार

सीडीओ ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को आयुष्मान योजना के तहत अनुबंधित अस्पतालों की सूची उपलब्ध कराई जाए। संबंधित अस्पतालों को भी निर्देशित किया जाए कि योजना के अंतर्गत पात्र बीमार लोगों को त्वरित एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाए।

जल स्रोतों की नियमित सैंपलिंग और क्लोरीनेशन के निर्देश

पेयजल व्यवस्था को लेकर सीडीओ ने जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों को प्रत्येक जल स्रोत की नियमित सैंपलिंग और क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले तीन माह में पेयजल टैंकों, जल स्रोतों और घरों से लिए गए नमूनों की रिपोर्ट भी तलब की।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जल स्रोत से लेकर अंतिम घर तक पानी के नमूने लिए जाएं और उनकी गुणवत्ता की जांच की जाए। किसी भी परिवार तक दूषित पानी नहीं पहुंचना चाहिए। जिन जल स्रोतों के दूषित पाए जाने की पुष्टि होगी, उन्हें तहसीलदार नैनीताल के माध्यम से सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

सीडीओ ने कहा कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना जल संस्थान की जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि ज्योलीकोट क्षेत्र में जल जनित रोगों के पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जिस भी स्तर पर लापरवाही सामने आएगी, संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी व्यक्ति में बीमारी के लक्षण दिखाई देने अथवा किसी के बीमार होने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते उपचार और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र प्रमुख भीमताल डॉ. हरिश बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पांडे, ग्राम प्रधान बेलवाखान डॉ. बबीता मनराल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम अशोक कटारिया, एपीडी चंद्रा फर्त्याल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान मनीष पिल्लई, तहसीलदार अक्षय भट्ट, चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत मर्तोलिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comments

TOPICS MENTIONED IN THIS ARTICLE

About the Author(s)

  • NNN Buzz Editorial Team photo

    NNN Buzz Editorial Team

    Senior News Editor & Content Team

    NNN Buzz Editorial Team delivers breaking news, trending stories, entertainment, technology, sports, business, and world updates with fast, accurate, and engaging coverage.

    View all articles by NNN Buzz Editorial Team

Published by · Editorial Policy

NNN Buzz: Latest News, Viral Stories & Lucknow Breaking Updates — Stay updated with NNN Buzz for breaking news, trending stories, entertainment, technology, sports, business, lifestyle, and viral updates from India and around the world.