उत्तराखंड में बारिश का कहर, सड़कें बंद और चारधाम यात्रा पर रोक
उत्तराखंड में बारिश का कहर: पहाड़ से मैदान तक हाहाकार, सड़कें बंद और चारधाम यात्रा थमी
देहरादून/नैनीताल:उत्तराखंड में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही तेज बारिश ने पहाड़ से मैदान तक जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने फिलहाल राहत के संकेत नहीं दिए हैं। राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन, आकाशीय बिजली और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।
नैनीताल जिले में लगातार बारिश ने जनजीवन की रफ्तार पर सबसे ज्यादा असर डाला है। पिछले 24 घंटे में नैनीताल में 185 मिमी, बेतालघाट में 179 मिमी, खनस्यू में 137 मिमी और हल्द्वानी में 132 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते जिले में कुल 15 सड़कें बाधित हैं। इनमें 2 राष्ट्रीय राजमार्ग, 3 राज्य मार्ग, 1 प्रमुख जिला मार्ग और 9 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। सुयालबाड़ी, डोलमार, बेतालघाट, रामनगर-भण्डारपानी, खनस्यू और ज्योलीकोट समेत कई इलाकों में सड़कें बंद होने से आवाजाही प्रभावित है।
भीमताल-नौकुचियाताल और कालाढूंगी के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। संबंधित विभागों की टीमें बंद रास्तों को खोलने और बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में जुटी हैं। प्रशासन ने अधिकांश बाधित मार्गों को जल्द खोलने का लक्ष्य रखा है।
रुद्रप्रयाग में करीब 36 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। घने कोहरे और बेहद कम दृश्यता के कारण केदारनाथ धाम यात्रा रोक दी गई है। सिरोबगड़ स्लाइडिंग जोन में लगातार पत्थर गिरने के कारण आवाजाही बंद है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के फंसे होने की सूचना है। लगातार भूस्खलन के कारण रास्ता खोलने में भी मुश्किलें आ रही हैं। खराब मौसम के चलते हेली सेवाएं भी बंद हैं। केदारनाथ में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से संचार व्यवस्था पर भी असर पड़ा है।
ऋषिकेश में गंगा चेतावनी स्तर के पार
ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर गया है। एहतियातन घाटों पर जाने पर रोक लगा दी गई है। लगातार बारिश और पहाड़ों से बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील की गई है।
चारधाम क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी
मौसम का असर चारधाम क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और यमुनोत्री के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। धारचूला, ओम पर्वत और मुनस्यारी की ऊंची चोटियां भी बर्फ से ढक गई हैं। बारिश और बर्फबारी के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। खराब मौसम के चलते 26 और 27 सितंबर को चारधाम यात्रा रोकी गई है।
उत्तरकाशी में मकान की सुरक्षा दीवार टूटी
उत्तरकाशी के स्याबा गांव में लगातार बारिश के बीच एक मकान की सुरक्षा दीवार टूट गई। इसके बाद मकान में दरारें पड़ गईं। चार बच्चों समेत परिवार के सामने घर की सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो गया है। परिवार दहशत के बीच रात गुजारने को मजबूर है।
बागेश्वर में गरुड़-बागेश्वर मोटर मार्ग पर रवाईखाल के पास लगातार मलबा आने से यातायात प्रभावित है। वहीं, पिथौरागढ़ की लाइफलाइन घाट-पिथौरागढ़ सड़क भी मलबे और बोल्डर गिरने के कारण प्रभावित है। यहां 300 से ज्यादा वाहनों के फंसे होने की सूचना है। सड़क खोलने के प्रयास जारी हैं।
खराब मौसम को देखते हुए 27 सितंबर को आदि कैलाश यात्रा के नए परमिट जारी नहीं किए जाएंगे। आदि कैलाश गए यात्रियों को गुंजी में ही रुकने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में अलर्ट, लोगों से सावधानी की अपील
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में रेड अलर्ट, जबकि उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में यलो अलर्ट है।
बारिश, भूस्खलन, बोल्डर गिरने और बर्फबारी के बीच प्रशासन ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा टालने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
28 सितंबर को भी बारिश से राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक 28 सितंबर को भी उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तरकाशी, हरिद्वार और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। वहीं, गढ़वाल मंडल के कई हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश के आसार हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
NNN Buzz Editorial Team delivers breaking news, trending stories, entertainment, technology, sports, business, and world updates with fast, accurate, and engaging coverage.
Comments